हाथरस.मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ओपी आर्य ने शनिवार को हाथरस पहुंचकर बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने मरीजों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
जनपद आगमन पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मंडलायुक्त का बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले पर्चा काउंटर का निरीक्षण किया और प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके बाद उन्होंने बाल रोग, दंत रोग, हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और सीटी स्कैन कक्षों का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने लंबे समय तक इलाज कराने वाले विशिष्ट बीमारी से ग्रसित मरीजों के लिए ई-सुश्रुत प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीज की जानकारी डिजिटल रूप से दर्ज होने से उपचार संबंधी विवरण तत्काल उपलब्ध हो सकेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनेंगी। दंत रोग विभाग में मरीजों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त यूनिट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
दवा वितरण कक्ष के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने दवा वितरण पंजिका देखी और दवाओं की एक्सपायरी डेट की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध जांच सुविधाओं का मरीजों को अधिक से अधिक लाभ मिले और उन्हें अनावश्यक रूप से जांच के लिए बाहर न जाना पड़े।
इसके बाद मंडलायुक्त ने महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट, जनरल वार्ड और आपातकालीन कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उन्हें फल वितरित किए।
मंडलायुक्त ओपी आर्य ने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें तथा मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, आवश्यक दवाओं और चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, सहायक विकास आयुक्त अलीगढ़ मंशाराम यादव, अपर जिलाधिकारी वि./रा., मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।










