सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव टोली के निकट शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक चांदनपुर निवासी 50 वर्षीय मुनेंद्र सिंह पुत्र रामवीर सिंह अपने परिजनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान भरकर एटा की ओर जा रहे थे।
परिजनों के अनुसार गांव टोली के निकट पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुनेंद्र सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे एसआई सत्येंद्र गौतम ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ने तथा मुंह में पेशाब करने जैसी गंभीर अभद्रता की।
मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अमित पाठक और उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुला और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
फिलहाल पुलिसकर्मी पर लगाए गए इन गंभीर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










