हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अलिया में बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 28 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार अजीतपुर गांव निवासी रवि पुत्र भोजराज नगला अलिया गांव में एक मकान में निर्माण कार्य कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे लोहे का सरिया उठाते समय उसका दूसरा सिरा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से रवि गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।
सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रवि अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए।










