हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला तमना की गढ़ी में बुधवार दोपहर करीब एक बजे 25 वर्षीय विवाहिता कृष्णा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। कृष्णा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव मुमरेजा निवासी पुष्पेंद्र की बेटी कृष्णा की शादी चार वर्ष पूर्व तमना की गढ़ी निवासी मोहित पुत्र नाहर सिंह से हुई थी। कृष्णा के दो बच्चे हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। कृष्णा की मां के मुताबिक, सुबह कई बार फोन करने पर भी बेटी ने फोन नहीं उठाया। बाद में मोहित ने फोन कर कृष्णा के फांसी लगाने की जानकारी दी।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर कृष्णा की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।










