हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के जलेसर रोड पर गांव पवरा भोपतपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल से आगरा रेफर किए गए सत्येंद्र की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई।
सत्येंद्र हाथरस गेट क्षेत्र के लहरा गांव निवासी जगदीश प्रसाद का बेटा था और नगला भूरा रोड पर बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। बुधवार रात वह ससुराल से बाइक लेकर घर लौट रहा था, तभी हादसा हो गया। परिवार के मुताबिक, उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और तीन दिन पहले ही पत्नी ने मायके में बच्चे को जन्म दिया था।
सत्येंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को हाथरस लेकर आए, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ हादसे की जांच कर रही है।










