हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला तजना के पास गुरुवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि मुकेश पुत्र बाबूलाल गुरुवार सुबह अपने बेटे के बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मुकेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।










