हाथरस जनपदवासियों के लिए अच्छी खबर है। नगला भुस-मीतई तिराहे से पुराने एनएच-530बी तक 8.2 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 145 करोड़ 13 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बाईपास की चौड़ाई 7 मीटर निर्धारित की गई है। इसके निर्माण से जनपद के दर्जनों गांवों को प्रमुख मार्गों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बाईपास की समीक्षा की। उन्होंने शासन स्तर से आई आपत्तियों का जल्द निस्तारण कर संशोधित प्रस्ताव आवश्यक अभिलेखों के साथ दोबारा शासन को भेजने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित बाईपास से पापरी, कटैलिया, पैकवाड़ा, कुम्हरई, गढ़ी जैनी, टिपरस, गढ़ी गिरधरा, बौजिया, सोखना, रूहेरी, मीतई, कलवारी, तरफरा, ढकपुरा और दादनपुर समेत कई गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस बाईपास के जरिए एनएच-530बी, एनएच-509 और अन्य प्रमुख सड़कों से संपर्क बेहतर बनाने की योजना है। साथ ही हाथरस-जलेसर मार्ग सहित कई संपर्क मार्गों तक पहुंच आसान हो सकेगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके और जनपदवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।










