सिकंदराराऊ के पथवारी माता मंदिर में सजेगा नवचंडी यज्ञ और देवी पुराण कथा का दरबार

0
40

 

हाथरस के सिकंदराराऊ नगर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था का भव्य संगम देखने को मिलेगा। नगर के ऐतिहासिक पथवारी माता मंदिर प्रांगण में नौ दिवसीय नवचंडी यज्ञ एवं श्री देवी पुराण भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन माता रानी का भव्य और अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा।

मंदिर के व्यवस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट ने बताया कि 11 अक्टूबर, रविवार को अपराह्न 3 बजे अनाज मंडी, गांधी गंज से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर में भ्रमण करेगी। इसके बाद 12 अक्टूबर को विधि-विधान से देवी-देवताओं का पूजन और नित्य यज्ञ का शुभारंभ होगा।

13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से आचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित द्वारा संगीतमय श्री देवी पुराण भागवत कथा सुनाई जाएगी। वहीं, 19 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 30 मिनट पर यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही, यज्ञ में मुख्य यजमान बनने के इच्छुक श्रद्धालुओं से मंदिर पर संपर्क करने का आग्रह किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here