हाथरस में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री श्रद्धेय नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की पुण्यस्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा ने नेताजी के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित किया। उन्होंने किसानों, गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि नेताजी की सादगी, जनसेवा के प्रति समर्पण और आम जनता से उनका गहरा जुड़ाव हमेशा समाजवादी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहेगा। उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाजवादी आंदोलन के लिए मार्गदर्शक हैं। नेताजी के दिखाए रास्ते पर चलकर सामाजिक न्याय, भाईचारे, समानता और जनसेवा के मूल्यों को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाहा सहित एसपी सिंह सेंगर, मुहर सिंह, राणाप्रताप सिसोदिया, अजय सिकरवार, अनूप यादव, बनी सिंह बघेल, संदीप वाल्मीकि, अरविन्द यादव, अशोक गोला, मुजीबुर्रहमान, पंजाबी सिंह पोनिया, छोटू यादव, प्रदीप कुशवाहा, बॉबी यादव, शहवाज खान, हाजी नवाब हसन, चेतन शर्मा, तालिब राना और नीरज नागर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।










