हाथरस। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रमनपुर स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचने लगे। भक्तों ने विधि-विधान से मां शैलपुत्री की पूजा की और माता रानी का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
नवरात्रि के शुभारंभ पर मंदिर में माता रानी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और श्रद्धापूर्वक प्रसाद अर्पित किया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर व्रत रखा और माता रानी से परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। पहले दिन मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।










