हाथरस।मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला पुलिस की स्कूटी रैली निकाली गई।
रैली को सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला उत्पीड़न और अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की गई। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की मोनिका गौतम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










