हाथरस।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये किए जाने की घोषणा का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही ग्राम प्रहरियों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की पहल की सराहना की गई।
कार्यक्रम सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा मौजूद रहे।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और प्रशासन की आंख, नाक और कान हैं। गांव की परिस्थितियों, स्थानीय समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को ग्राम प्रहरियों के साथ कम से कम साप्ताहिक संवाद स्थापित करने और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
विधायकों ने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ सही सूचनाएं पुलिस तक पहुंचानी चाहिए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस दौरान मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की मोनिका गौतम को भी सम्मानित किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।










