हाथरस। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेस-6 अभियान के अंतर्गत बुधवार को हाथरस के माधव प्रेक्षागृह में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र राणा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सुरक्षा, नारी सम्मान, शिक्षा, समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और साइबर अपराध जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस सहायता सेवाओं एवं संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही, किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
हाथरस पुलिस और प्रशासन की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति फेस-6 अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।










