हाथरस। सिकंदराराऊ में आयोजित रामलीला में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की टीम ने पहुंचकर भगवान श्रीराम की आरती में सहभागिता की। रामलीला आयोजकों की ओर से आमंत्रित संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन और रामलीला मंचन के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और माता-पिता के प्रति सम्मान की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में बेहतर संस्कार और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रामलीला के जरिए बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता सीता के त्याग, लक्ष्मण के भ्रातृ प्रेम और हनुमान जी की भक्ति से प्रेरणा मिलती है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने रामलीला जैसे आयोजनों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए इनके संरक्षण पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला सह संयोजक लकी शर्मा, नगर अध्यक्ष राय सिंह यादव, सह जिला मंत्री पवन वार्ष्णेय, नगर मंत्री मोनू माहेश्वरी, विमल उपाध्याय, दीपक सक्सेना, विशाल, जयपाल सिंह, सुनील यादव, केशव माहेश्वरी, सौरभ जादौन, करण वार्ष्णेय सहित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।










