हाथरस जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों की सूची की जानकारी देते हुए आपत्ति और सुझाव दर्ज कराने की अपील की गई।
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में हाथरस, सादाबाद और सिकंद्राराऊ विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को मतदेय स्थलों की सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया। प्रकाशित सूचियां जिला निर्वाचन कार्यालय और संबंधित तहसील कार्यालयों में आम जनता के निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और नागरिकों से सूचियों का अवलोकन करने की अपील की है। यदि किसी को सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना है, तो वह 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, समस्त उपजिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










