आगामी त्योहारों को लेकर एडीजी आगरा जोन ने हाथरस में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
आगामी त्योहारों को देखते हुए हाथरस पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार, 19 अक्टूबर को अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा एस.के. भगत ने हाथरस के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की तैनाती, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी एस.के. भगत ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम पर प्रभावी नियंत्रण करने को कहा।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से तैनात रहने, नियमित पैदल गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही आमजन और व्यापारियों से निरंतर संवाद बनाए रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।










