हाथरस गेट स्थित गांधी पार्क में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इसके बाद महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद मसूरिया दीन पासी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान को लेकर संगोष्ठी आयोजित की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को आजादी के आंदोलन में एकजुट किया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी मसूरिया दीन पासी का संघर्ष और देश के प्रति समर्पण भी प्रेरणादायी है। महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाकर देश की एकता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सत्य, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों का स्मरण केवल जयंती कार्यक्रम तक सीमित न रहकर उनके विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।










