मेला श्री दाऊजी महाराज के पंडाल में एडीएचआर के तत्वावधान में मानव अधिकार जागरूकता सम्मेलन का किया आयोजन

0
24

 

हाथरस में मेला श्री दाऊजी महाराज के अवसर पर मानव अधिकार जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स यानी एडीएचआर के तत्वावधान में मेला पंडाल में “वर्तमान परिस्थितियों में मानव अधिकारों के संरक्षण व संवर्धन में चुनौतियां” विषय पर सम्मेलन आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सम्मेलन में सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश व्यास ने कहा कि मानव अधिकार केवल अधिकारों की सूची नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, अशिक्षित और सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को न्याय और कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में जागरूकता और संवेदनशील व्यवस्था जरूरी है।

एडीएचआर महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. डॉ. सरोज व्यास ने महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान, संपत्ति में अधिकार और कार्यस्थल पर गरिमा मानव अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। साथ ही युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, रोजगार और कैरियर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की बात कही।

एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव और सम्मेलन संयोजक प्रवीन वार्ष्णेय ने डिजिटल दौर में मानव अधिकारों के सामने खड़ी नई चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और डिजिटल पहचान से जुड़े खतरों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई।

जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. सरिता सिंह ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। सम्मेलन में विद्यार्थियों ने भी मानव अधिकारों को लेकर अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए जनजागरूकता, संवेदनशीलता, संवैधानिक मूल्यों की समझ और नागरिक जिम्मेदारी को मजबूत करना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, संस्थानों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here