हाथरस में गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रभातफेरी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन और जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में आयोजित प्रभातफेरी को जनपद न्यायालय परिसर से रवाना किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और न्यायालय के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
प्रभातफेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्लोगन पट्टियों और पंपलेट्स के माध्यम से लोगों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। प्रभातफेरी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस जनपद न्यायालय परिसर पहुंची।
इसके बाद जनपद न्यायालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय और प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय विजय कुमार डूंगराकोटि ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में सुरजोबाई कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पॉक्सो अधिनियम-2012 पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बाल संरक्षण और कानून के प्रति जागरूक किया।
जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति जानकारी या आर्थिक अभाव के कारण न्याय पाने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज और गांव-शहरों में जागरूकता शिविरों के माध्यम से पॉक्सो एक्ट की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने कहा कि स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पैनल अधिवक्ताओं, पराविधिक स्वयंसेवकों, समाजसेवियों और विधि छात्रों के सहयोग से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है।










