हाथरस। बृज प्रसिद्ध एवं 115वें प्रांतीय राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज में 6 अक्टूबर को प्रस्तावित संगीत सम्मेलन में हरियाणा की मशहूर सिंगर एवं डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम की जिला प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी है। प्रशासन ने यह फैसला जनहित में लिया है। हाल ही में हुए लाफ्टर शो में उमड़ी भीड़ के दौरान कई लोग बैरिकेडिंग तोड़कर मंच तक पहुंच गए थे, जिससे पुलिस प्रशासन को भीड़ संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
संगीत सम्मेलन में सपना चौधरी को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति निरस्त करने का निर्णय लिया है। सपना चौधरी के कार्यक्रम के निरस्त होने से उनके प्रशंसकों में मायूसी है।
वहीं, मेले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की है। कंपनी पीएसी के साथ सीओ और कई एसएचओ की ड्यूटी लगाई गई है। हालांकि, कार्यक्रम संयोजक का कहना है कि सपना चौधरी का कार्यक्रम तय है। ऐसे में 6 अक्टूबर को सपना चौधरी कार्यक्रम में पहुंचेंगी या नहीं, यह स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।










