हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रुहेरी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय 10वीं की छात्रा मानसी और उसके रिश्तेदार अरविंद घायल हो गए। गंभीर हालत में मानसी को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
नौपुरा गांव निवासी मानसी कालीचरण की बेटी थी और रुहेरी स्थित एक स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ती थी। सोमवार को उसकी साइकिल खराब हो गई थी, जिसे ठीक कराने वह रुहेरी आई थी। साइकिल ठीक कराने के बाद वह रिश्तेदार अरविंद के साथ बाइक से गांव लौट रही थी। इसी दौरान रुहेरी के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मानसी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान मानसी ने दम तोड़ दिया। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।










