हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव खिटोली के निकट सोमवार की दोपहर एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के अन्य पांच लोग मामूली रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव आतुर्रा बिसावर (सादाबाद) निवासी करीब 62 वर्षीय पुरान सिंह पुत्र नौहबत सिंह सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर सासनी क्षेत्र के गांव कोडियागंज जा रहे थे। वह अपने बेटे सूरज की ससुराल में किसी शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो सासनी के गांव खिटोली के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसमें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसे में पुरान सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ऑटो में सवार उनके परिवार के अन्य सदस्य सहित उनकी 22 दिन की नातिन भी चोटिल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही गोहाना चौकी इंचार्ज जुगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद पुरान सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिवार के अन्य घायल सदस्यों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अचानक हुए इस हादसे और पुरान सिंह की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक पुरान सिंह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।










