हाथरस में सासनी साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक बार फिर तत्परता दिखाते हुए गलत खाते में ट्रांसफर हुए 10 हजार रुपये वापस करा दिए हैं।
दरअसल, सासनी क्षेत्र के गांव लौहर्रा निवासी अर्जुन सिंह के खाते से UPI के जरिए गलती से 10 हजार रुपये गलत नंबर पर ट्रांसफर हो गए थे।
पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना सासनी में दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम के प्रयास से पीड़ित की पूरी 10 हजार रुपये की धनराशि वापस उसके खाते में करा दी गई।
रकम वापस मिलने पर अर्जुन सिंह ने थाना सासनी पहुंचकर हाथरस पुलिस का धन्यवाद किया और साइबर क्राइम टीम की जमकर सराहना की।
वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP, PIN, CVV जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।










