सिकंदराराऊ में सोमवार रात कासगंज रोड पर अगसौली गांव के पास रोडवेज बस और ई-टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में ई-टेंपो में सवार करीब एक दर्जन लोगों में चालक समेत 3 से 4 लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के थे और पोरा क्षेत्र के एक गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर कासगंज लौट रहे थे।
अगसौली के पास रोडवेज बस ने सवारी उतारने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहा ई-टेंपो अनियंत्रित होकर बस में जा घुसा।
टक्कर इतनी तेज थी कि ई-टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर अगसौली चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र निरंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी सिकंदराराऊ भेजा।
घायलों में टेंपो चालक मुकेश और सवार सुरेंद्र निवासी रहीमनगर समेत एक महिला शामिल बताई जा रही है। चालक की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और टेंपो को चौकी भिजवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। वहीं ग्रामीणों ने निर्माणाधीन हाईवे पर अंधेरे और अधूरी सड़क व्यवस्था को हादसे की वजह बताते हुए प्रकाश व सड़क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।










