हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के तालाब ओवरब्रिज पुल पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना श्री रामबाग इंटर कॉलेज के पास हुई। मृतक की पहचान सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव परसौरा निवासी 28 वर्षीय सुनील पुत्र रामरूप के रूप में हुई है।
बताया गया कि सुनील अपनी ससुराल मोहल्ला खंदारी गढ़ी, हाथरस आया हुआ था। वह ससुराल से यह कहकर निकला था कि रात को वापस लौट आएगा। सुनील की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। वह बिल्डिंग निर्माण की ठेकेदारी का काम करता था। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।










