सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव मन्नापुर में खेत पर काम करते समय रोटावेटर की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक राहुल की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शिवकुमार अपने ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत को समतल कर रहा था, तभी उसने राहुल को आवाज देकर बुलाया।
राहुल ट्यूबवेल की कुंडी पर पानी पी रहा था, जिसके बाद वह ट्रैक्टर के पास पहुंचा और अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया।हादसे में राहुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक शिवकुमार ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने घटना को लेकर आशंका जताई है कि राहुल और शिवकुमार दोस्त थे, लेकिन उन्हें शक है कि घटना जानबूझकर कारित की गई हो सकती है।सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं मृतक के परिचित आकाश ने बताया कि घटना से करीब दो घंटे पहले राहुल ने फोन पर उससे बात की थी और 200 रुपये मांगे थे, लेकिन कुछ देर बाद राहुल की मौत की सूचना मिली।
थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










