हाथरस। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को हाथरस में विरोध मार्च निकाला। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश कुमार ओके के नेतृत्व में कांग्रेसजन मोहनगंज स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर एकत्रित हुए और प्रमुख बाजारों से होते हुए कमला बाजार चौराहे तक मार्च निकाला।
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कमला बाजार चौराहे पर शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही के लिए कांग्रेस का शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष करुनेश मोहन दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। विरोध मार्च में ब्रह्मदेव शर्मा, हरिशंकर, सुरेश चंद्र शर्मा, अशोक गुप्ता, अवधेश बख्शी, डॉ. मुकेश चंद्रा, अजीत गोस्वामी, ऋषि कौशिक, संजीव आंधीवाल, डॉ. प्रमोद कुमार समेत तमाम कांग्रेसजन मौजूद रहे।










