हाथरस के रमनपुर रोड स्थित कैलाश नगर के श्री भैरवनाथ सिद्ध पीठ मंदिर से 11 अक्टूबर 2026 को मां कंकाली की चतुर्थ पदयात्रा निकाली जाएगी।
अश्विनी मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा नवरात्रि के अवसर पर पदयात्रा सुबह 11 बजे मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर मां कंकाली मंदिर, सासनी पहुंचेगी।

पदयात्रा के दौरान मां कंकाली की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और वंदन किया जाएगा। इसके साथ ही माता रानी को चुनरी एवं श्रृंगार सामग्री अर्पित कर श्रद्धालु आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
पदयात्रा का समापन मां कंकाली और मां शेरावाली के जयकारों के बीच किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
पंडित किशोरी लाल स्मृति योग संस्थान के पदाधिकारियों, सदस्यों, मंदिर सेवा में जुटे भक्तजनों और माता रानी के सभी श्रद्धालुओं से समय से पहुंचकर पदयात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां कंकाली का आशीर्वाद प्राप्त करने और पुण्य के भागी बनने का आह्वान किया है।
पदयात्रा के निवेदक श्री महंत रामानंदजी महाराज तथा संस्थापक डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ हैं। आयोजन के दौरान ‘जय मां कंकाली माता’, ‘जय माता रानी शेरावाली’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।










