हाथरस जिले की तहसील सासनी के ग्राम पंचायत समामई रूहल के मजरा धिमरपुरा में पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल पर गंदे पानी के भराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने गंदे पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराने और अंत्येष्टि स्थल में पानी भरने पर रोक लगाने की मांग की है, ग्रामीण अवनीश कुमार ने बताया कि पिछले 6-7 वर्षों से गांव में जल निकासी की समस्या बनी हुई है।
कुछ समय से गंदे पानी का रुख गाटा संख्या 1042 स्थित अंत्येष्टि स्थल की ओर कर दिया गया, जिससे वहां दलदल की स्थिति बन गई है और अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार 7 अक्टूबर को ग्राम पंचायत सचिव द्वारा JCB से अंत्येष्टि स्थल पर खुदाई कराकर गंदा पानी डालने का प्रयास किया गया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध कर काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों ने गाटा संख्या 1042 में गंदा पानी डालने पर रोक, राजस्व अभिलेखों में दर्ज दो मीटर चौड़ी नाली से कब्जा हटाकर पैमाइश कराने, JCB कार्रवाई की जांच और पूर्व स्वीकृत बजट से अंत्येष्टि स्थल का कायाकल्प कराने की मांग की है।










