जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0
18

 

हाथरस में जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में अपने कार्यालयों में स्वयं जनसुनवाई करने और संभव होने पर शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लंबे समय से लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके स्थायी समाधान पर जोर दिया। वहीं, भूमि विवादों के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इसके अलावा डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपने सीयूजी नंबर स्वयं रिसीव करने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होने से आमजन का प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा और आईजीआरएस रैंकिंग में भी जनपद का प्रदर्शन बेहतर होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here