हाथरस में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स-2027’ के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 31 अक्टूबर से पहले कराया जाएगा। इसे लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
युवा उत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम में लोकगीत, लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, भाषण, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रतियोगिताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सके।










