हाथरस में दशहरा पर्व पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कोतवाली नगर क्षेत्र के गिजरौली स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ को व्यवस्थित रखने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।










