विजयदशमी के अवसर पर श्रद्धाभाव के साथ दुर्गा प्रतिमाओं का किया गया विसर्जन

0
9

 

हाथरस। विजयदशमी के अवसर पर जिलेभर में श्रद्धाभाव के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। नौ दिनों तक व्रत, पूजा-अर्चना और देवी आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए शोभायात्राओं के साथ प्रतिमाओं को गंगा, नहर और अन्य विसर्जन स्थलों तक पहुंचाया। परंपरागत विधि-विधान से पूजन कर मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी गई।

अलीगढ़ रोड स्थित नहर पर सुबह से दोपहर तक श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। विभिन्न स्थानों से आई दुर्गा प्रतिमाओं का उत्साह और भक्ति के माहौल में विसर्जन किया गया। पूरे क्षेत्र में जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। नहर किनारे पुलिस बल के साथ फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तैनात रहीं और विसर्जन कर रहे लोगों पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे पूरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here