सासनी के कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहार्रा में छत पर कार्य कर रहे एक वृद्ध का अचानक पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें परिजनों द्वारा तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव लोहार्रा निवासी वृद्ध अशोक पुत्र शंकर लाल किसी कार्य के सिलसिले में अपने घर की छत पर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह संभल नहीं पाए, जिससे वह सीधे छत से नीचे आ गिरे। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजन तुरंत दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने वृद्ध की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत अलीगढ़ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार अलीगढ़ में उनका उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।










