हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई के दौरान अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिए कि शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करें।
लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित राजस्व और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, भूमि विवादों के मामलों में उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को आवश्यकतानुसार राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त जनसमस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।










