स्थानीय निकायों के कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0
79

 

हाथरस। स्थानीय निकायों की योजनाओं और निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग, राज्य सेक्टर योजना, पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, वंदन योजना और आदर्श नगर पंचायत योजना समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान अंत्येष्टि स्थल, कान्हा गौशाला, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, एमआरएफ सेंटर और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई की भी जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया तत्काल और पूरी पारदर्शिता के साथ कराने तथा समय से कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत या प्रतिस्थापन कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों से जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने और योजनाओं का लाभ समय से आमजन तक पहुंचाने को कहा। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here