हाथरस में नवीन जिला कारागार के निर्माण में देरी पर डीएम नाराज,श्रमिक बढ़ाकर काम पूरा करने के निर्देश

0
27

 

हाथरस के इगलास रोड स्थित गांव बीछिया में निर्माणाधीन नवीन जिला कारागार की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी अवशेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराने के निर्देश दिए।

सोमवार को जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ नवीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। 1026 कैदियों की क्षमता वाले इस कारागार की भौतिक प्रगति वर्तमान में 78 प्रतिशत बताई गई। डीएम ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गैर-आवासीय भवनों, फिनिशिंग और आंतरिक मार्गों के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान विद्युत लाइन शिफ्टिंग और मुख्य मार्ग सहित निर्माण में आ रही बाधाओं को लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच, तकनीकी मानकों का पालन और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

कार्यदायी संस्था को नियमित और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी होने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here