हाथरस में रोजगारपरक ऋण योजनाओं के तहत बैंकों में लंबे समय से लंबित आवेदनों को लेकर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कड़ी नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक समेत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करते हुए एक सप्ताह के भीतर ऋण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा।

डीएम ने उपायुक्त उद्योग को लंबित, स्वीकृत और प्राप्त आवेदनों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने तथा लाभार्थियों से लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से बैंक और विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। ऋण वितरण में लापरवाही या अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारी और बैंक की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके ऋण आवेदनों की स्थिति भी जानी। शासन का उद्देश्य युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।










