हाथरस में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालयों में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी प्राथमिकता के आधार पर की जाए। साथ ही महिला अपराधों, अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए।

दरअसल, गुरुवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों एवं नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म यानी एनकॉर्ड समिति की बैठक की। बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम ने गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं महिला अपराधों से जुड़े हत्या, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की अलग सूची तैयार कर नियमित समीक्षा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने शीतकालीन भ्रमण के तहत गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनका समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को नियमित गश्त, अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी और अभियोजन अधिकारी मौजूद रहे।










