हाथरस। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव बिसरात निवासी 40 वर्षीय चरण सिंह पुत्र संत सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

मंगलवार शाम वह ई-रिक्शा लेकर हाथरस कृषि उत्पादन मंडी समिति जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास मथुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया और चरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चरण सिंह की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पांच बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।










