हाथरस। सिकंदराराऊ क्षेत्र में मंगलवार शाम एटा रोड पर लालगढ़ी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव लालगढ़ी निवासी 55 वर्षीय विजयपाल पुत्र महावीर मंगलवार शाम करीब सात बजे बाइक से सिकंदराराऊ से अपने गांव लौट रहे थे। गांव के निकट एक बाग के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सरकारी एंबुलेंस की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ भिजवाया। यहां आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।










