हाथरस में संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान डीएम ने कहा कि संविधान की मूल भावना समानता, स्वतंत्रता, न्याय और व्यक्ति की गरिमा को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।

संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का पद, आर्थिक स्थिति या सामाजिक हैसियत उसकी मानवीय गरिमा से बड़ी नहीं हो सकती।

डीएम ने बताया कि संविधान दिवस पर सुबह करीब तीन हजार बच्चों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया, जिसमें आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को सुलभ एवं सस्ता न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करने की अपील की।

इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने से बचाने के लिए जागरूकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।

इस मौके पर एडीएम न्यायिक प्रकाश चंद्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण और कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।










