संविधान दिवस पर बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में भव्य कार्यक्रम, अधिकारियों ने दिलाई संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ

0
15

 

हाथरस। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान गुब्बारे उड़ाकर संविधान दिवस का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। संविधान देश का सर्वोच्च कानून है और प्रधानमंत्री सहित कोई भी व्यक्ति संविधान से ऊपर नहीं है। उन्होंने युवाओं से संविधान का अध्ययन करने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की।

वहीं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान की गारंटी देता है। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र नागरिकों से 16 दिसंबर तक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। साथ ही स्वगणना अभियान में मोबाइल के माध्यम से परिवार के सदस्यों की गणना स्वयं करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय पहचान, संप्रभुता और लोकतांत्रिक शक्ति का आधार है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मोबाइल और स्क्रीन पर समय बिताने के साथ-साथ भारतीय संविधान को पढ़ने और समझने के लिए भी समय निकालने की अपील की।

इस अवसर पर संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में कामिनी बघेल ने प्रथम, नंदिनी ने द्वितीय और वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में अंजू प्रथम, अंजली सिंह द्वितीय और शालिनी तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चौधरी सहित न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here