हाथरस।आज 20 सितंबर 2026 को भाजपा जिला कार्यालय हाथरस में अलीगढ़ के नवनियुक्त जिला प्रभारी गौरव आर्य के स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने गौरव आर्य को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने हाथरस में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि गौरव आर्य अलीगढ़ में भी संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
वहीं नवनियुक्त अलीगढ़ जिला प्रभारी गौरव आर्य ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर अलीगढ़ जिले में संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गौरव आर्य का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला महामंत्री राजेश सिंह गुड्डू, राजेंद्र सूफी, जिला उपाध्यक्ष संजय सक्सेना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










