सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव फुलरई के निकट रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी 25 वर्षीय राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार राहुल पुत्र अजय पाल और उसका साथी विवेक मोटरसाइकिल से नगला हेमराज, बुधु इगलास रोड, हाथरस से सिकंदराराऊ होते हुए एटा की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों गांव फुलरई के निकट पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे अथॉरिटी की एंबुलेंस 1033 की मदद से घायल राहुल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने मृतक विवेक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवेक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन मोर्चरी सेंटर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार घायल का उपचार कराया जा रहा है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।










