हाथरस के प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज मेले के पंडाल में रविवार देर रात ‘एक रात कन्हैया से बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम, तरफरा रोड की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद श्रीकृष्ण की भक्ति और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता से जोड़ा।
कार्यक्रम में परम श्रद्धेय बाल योगी जी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, पूर्व चेयरमैन गिर्राज किशोर शर्मा, बसपा नेता अविन शर्मा और पूर्व आईएएस सीताराम मीणा मौजूद रहे। वहीं मनोहर दास जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
भजन सम्राट लविन गुप्ता ने अपने भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम की संयोजक राजयोगिनी बीके भावना बहन रहीं। बीके सीता बहन के मार्गदर्शन में ब्रह्माकुमारीज परिवार की बहनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अतुल आंधीवाल ने किया। देर रात तक चले इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










