सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार सोनू बघेल और स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान मुख्य अतिथि ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने बच्चों को चाचा नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में दीपावली के अवसर पर आयोजित रंगोली, दीया मेकिंग और थाली डेकोरेशन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बाल मेले में पानीपुरी, पेटीज, पॉपकॉर्न, पेस्ट्री और भेलपुरी सहित विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए गए। वहीं रिंग थ्रो, मिकी माउस, जंपिंग जैक, बॉलिंग बकेट और अन्य खेल गतिविधियों के साथ म्यूजिक एवं डांस का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में प्रतिभाग किया और स्कूल की ओर से मुफ्त उपहार पाकर खुशी जाहिर की।

स्कूल के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। वहीं प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।










