स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना में 21,757 विद्यार्थियों का आधार सत्यापन लंबित, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

0
22

**स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना में 21,757 विद्यार्थियों का आधार सत्यापन लंबित, डीएम ने दिए सख्त निर्देश**

हाथरस। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण से संबंधित आधार सत्यापन की प्रगति को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने लंबित आधार सत्यापन के मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने और पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मनोज उपाध्याय ने बताया कि जनपद में योजना के तहत कुल 29 हजार 766 डिवाइस प्राप्त हुए हैं, जिनमें 15 हजार 696 टैबलेट और 14 हजार 70 स्मार्टफोन शामिल हैं। इनमें से 29 हजार 764 डिवाइस वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि डिजिशक्ति पोर्टल के अनुसार 22 हजार 176 छात्र-छात्राओं का आधार सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 21 हजार 757 विद्यार्थियों का सत्यापन अभी लंबित है। लंबित मामलों में उच्च शिक्षा विभाग के 16 हजार 234, चिकित्सा शिक्षा के 420, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास के 3 हजार 766, बेसिक शिक्षा के 538 और तकनीकी शिक्षा के 799 विद्यार्थी शामिल हैं। इनका सत्यापन 235 महाविद्यालयों और संस्थानों के माध्यम से कराया जाना है।

इस पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विद्यार्थियों की संस्थानवार सूची तैयार कर विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से शीघ्र आधार सत्यापन कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों से संपर्क कर सत्यापन में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि आधार सत्यापन लंबित रहने के कारण कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी संबंधित विभाग प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करें और निर्धारित समयसीमा में सत्यापन का कार्य पूरा कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here