हाथरस पुलिस द्वारा बाल संरक्षण और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर विशेष किशोर पुलिस इकाई और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना की मासिक गोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी लाइन जयेन्द्र नाथ अस्थाना ने पुलिस लाइन स्थित डीटीयू कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यशाला में किशोर न्याय अधिनियम 2015, मानव तस्करी की रोकथाम और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं सकुशल बरामदगी, बाल अपराधों की रोकथाम, किशोरों के पुनर्वास और मानव तस्करी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों को बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने तथा पीड़ित बच्चों के सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 112, 181, 1076, 102, 108, 1930 और 101 की जानकारी देकर इनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
क्षेत्राधिकारी लाइन ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने, मामलों की नियमित समीक्षा करने और पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।










