हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए मौलिक अधिकारों, संवैधानिक कर्तव्यों और नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान निर्माण, संविधान निर्माताओं के योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, संवैधानिक उपचार, राज्य के नीति निदेशक तत्व और मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

सीजेएम सूरज मिश्रा ने बताया कि संविधान सभा ने 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद देश को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान प्रदान किया। संविधान की प्रस्तावना भारत को संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के संकल्प के साथ नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने का संदेश देती है।

विद्यार्थियों को छह मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि समानता, स्वतंत्रता, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, संस्कृति एवं शिक्षा का अधिकार और संवैधानिक उपचार नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। साथ ही अनुच्छेद 32 और 226 के तहत सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट में अधिकारों के संरक्षण के लिए न्याय प्राप्त करने की व्यवस्था के बारे में भी समझाया गया।

कार्यक्रम में राज्य के नीति निदेशक तत्वों तथा संविधान के अनुच्छेद 51ए के तहत नागरिकों के 11 मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं। नागरिकों का दायित्व देश की एकता, अखंडता और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना भी है।
प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस ऋतुराज सिंह ने भी उपस्थित छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यालय की प्राचार्या विद्या प्रतीक बर्तके ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि संविधान देश की सर्वोच्च व्यवस्था है और प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह, यज्ञदत्त शर्मा, विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ मौजूद रहे।










